Posted By : Yash Goswami
भारत के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले में फरार चल रहे व्यवसायी मेहुल चोकसी को 12 अप्रैल 2025 को बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी भारत की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के अनुरोध पर की गई। चोकसी, जो पहले एंटीगुआ में रह रहा था, पिछले साल नवंबर में बेल्जियम के एंटवर्प शहर में जाकर बस गया था और वहाँ की ‘F रेसिडेंसी कार्ड’ के ज़रिए स्थायी निवास लेने में कामयाब रहा। बताया जा रहा है कि उसने रेजिडेंसी कार्ड के लिए आवेदन करते समय अपनी भारतीय और एंटीगुआ की नागरिकता को छिपाया और फर्जी दस्तावेज़ों का इस्तेमाल किया। भारतीय एजेंसियाँ अब चोकसी को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण प्रक्रिया की तैयारी कर रही हैं, लेकिन उसकी कानूनी टीम इसके विरोध की योजना बना रही है, जिसमें स्वास्थ्य कारणों और कानूनी आधारों का हवाला दिया जा सकता है। चोकसी और उसके भतीजे नीरव मोदी पर 2014 से 2017 के बीच PNB से फर्जी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग और फॉरेन लेटर्स ऑफ क्रेडिट लेकर करीब 13,500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। बेल्जियम सरकार ने चोकसी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है और कहा है कि मामला गंभीरता से देखा जा रहा है, लेकिन ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है।


