POSTED BY – Vanshika Mishra
नोएडा, 4 अगस्त 2025 – थाना सेक्टर-24 पुलिस और दो वाहन चोरों के बीच बीती रात मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया और दूसरा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। घटना पिलर नंबर-94 के पास उस समय हुई जब चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की रात को पिलर नंबर-94 के पास चेकिंग अभियान चल रहा था, तभी एनटीपीसी की दिशा से एक ट्रैक्टर पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर ट्रैक्टर सवार अचानक ट्रैक्टर मोड़कर सर्विस रोड की ओर भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाश ट्रैक्टर को सेक्टर-54 के जंगल की ओर छोड़कर पैदल भागने लगे। इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसकी पहचान वीरेन्द्र कश्यप उर्फ बिंदु (उम्र 34 वर्ष, निवासी त्रिलोकपुरी दिल्ली, मूल निवासी पीलीभीत) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ है। वहीं दूसरे आरोपी जसवंत सिंह (उम्र 55 वर्ष, निवासी निगोही, शाहजहाँपुर) को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक आयशर कंपनी का ट्रैक्टर व ट्रॉली बरामद की है, जिसे पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मोदी मॉल के पीछे से चोरी करना स्वीकार किया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ में अहम खुलासे
पूछताछ में सामने आया कि वीरेंद्र कश्यप व जसवंत सिंह दोनों नशे के आदी हैं और मिलकर नोएडा, दिल्ली व एनसीआर क्षेत्र में पार्किंग और सुनसान स्थानों पर वाहनों की रेकी कर उन्हें चुरा लेते थे। इसके अलावा ये बंद पड़े घरों की रेकी कर ताले तोड़कर कीमती सामान चोरी करते थे।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
वीरेन्द्र कश्यप उर्फ बिंदु के खिलाफ अब तक चोरी, आर्म्स एक्ट व रेलवे एक्ट से जुड़े 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गौतमबुद्धनगर, शाहजहाँपुर, बरेली आदि जिलों में मामले पंजीकृत हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जसवंत सिंह के खिलाफ 2 आपराधिक मुकदमे – आबकारी अधिनियम व वन अधिनियम के अंतर्गत दर्ज हैं।
पुलिस मामले की आगे की विधिक कार्यवाही में जुटी है।




