POSTED BY – Vanshika Mishra
ग्रेटर नोएडा , 30 अगस्त 2025 – गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के विधि, न्याय एवं शासन संकाय में आयोजित उद्योग-अकादमिक सम्मेलन 2025 में न्यायपालिका, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, कॉर्पोरेट जगत, सरकारी प्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने भाग लेकर विधि शिक्षा और उद्योग सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर गहन विमर्श किया।
सम्मेलन का शुभारंभ इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट सेल के अध्यक्ष डॉ. विक्रम करुणा के स्वागत भाषण और विषय प्रस्तुति से हुआ। इसके पश्चात विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने अध्यक्षीय संबोधन में बदलते वैश्विक परिदृश्य में विधि शिक्षा को समयानुकूल बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए डेटा सुरक्षा, डेटा नीति और ‘मेक इन इंडिया – मेड इन इंडिया’ जैसी पहलों को पाठ्यक्रम में शामिल करने की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सम्मेलन के मुख्य अतिथि माननीय न्यायमूर्ति पी. के. श्रीवास्तव, चेयरमैन, उत्तर प्रदेश राज्य विधि आयोग, ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि अंतिम वर्ष की पढ़ाई को रोजगारपरक एवं व्यावहारिक अनुभव आधारित बनाया जाना चाहिए तथा विधिक अभ्यास और अकादमिक अनुसंधान के बीच सामंजस्य स्थापित करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
चर्चा के दौरान कई ठोस प्रस्ताव सामने आए, जिनमें इंटर्नशिप व प्लेसमेंट के लिए स्पष्ट नियम बनाना, अंतिम वर्ष को व्यावसायिक एवं व्यावहारिक शिक्षा पर केंद्रित करना, छात्रों और उद्योग विशेषज्ञों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने हेतु डिजिटल प्लेटफॉर्म का निर्माण तथा उपयोगी सुझावों को पाठ्यक्रम में शामिल करने जैसे बिंदु प्रमुख रहे।
सम्मेलन को तीन तकनीकी सत्रों में विभाजित किया गया, जिनमें प्रथम सत्र में न्यायपालिका और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने न्याय सुनिश्चित करने में न्यायपालिका की उभरती भूमिका पर विचार साझा किए, द्वितीय सत्र में कॉर्पोरेट प्रशासन, साइबर लॉ और न्याय तक पहुंच जैसे समसामयिक विषयों पर विमर्श हुआ, जबकि तृतीय सत्र में सुप्रीम कोर्ट व दिल्ली सरकार से जुड़े अधिवक्ताओं ने अपने अनुभव छात्रों से साझा किए और संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र में उनके प्रश्नों का समाधान किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
समापन सत्र में संकाय के डीन डॉ. के. के. द्विवेदी ने उद्योग-शिक्षा संवाद की निरंतरता बनाए रखने पर बल दिया, वहीं विभागाध्यक्ष डॉ. एस. के. तिवारी ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संकाय के सभी शिक्षकगण एवं छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




