POSTED BY- Vanshika Mishra
गौतमबुद्धनगर , 2 सितंबर 2025 –गौतमबुद्धनगर में बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। संगठन के जिला अध्यक्ष प्रेम प्रधान के नेतृत्व में 3 सितंबर 2025 सुबह 10 बजे सैकड़ों कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन करेंगे और भ्रष्टाचार को खत्म करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी मेधा रूपम को संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे। संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि जिले में खाद्य विभाग की लापरवाही के चलते मिलावटी और नकली घी, पनीर तथा अन्य खाद्य सामग्री खुलेआम बेची जा रही हैं, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है, लेकिन संबंधित विभाग कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे बैठा है। उन्होंने कहा कि यही हाल शिक्षा विभाग का है, जहां सरकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक नहीं पहुंच पा रहा है, वहीं चिकित्सा विभाग में मरीजों को सुविधा देने के बजाय भ्रष्टाचार के चलते उन्हें ठगा जा रहा है। खनन विभाग में अवैध खनन और अधिकारियों की मिलीभगत से राजस्व की भारी हानि हो रही है, तो आबकारी विभाग में अवैध शराब के कारोबार को संरक्षण मिल रहा है। इसी तरह भूजल विभाग और ग्राम विकास विभाग में भी अधिकारियों की घोर लापरवाही और भ्रष्टाचार के चलते ग्रामीण जनता बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि इन विभागों में भ्रष्टाचार का आलम यह है कि जनता को उनका अधिकार और सुविधा न देकर उल्टे उनसे धन उगाही की जा रही है, जो जिले के विकास में सबसे बड़ी बाधा है। इस आंदोलन में मास्टर दिनेश नागर ने जानकारी दी कि विभिन्न गांवों के सैकड़ों ग्रामीण शामिल होंगे और जिले के भ्रष्टाचारियों के खिलाफ खुलकर आवाज उठाएंगे। संगठन का कहना है कि यह आंदोलन सिर्फ एक दिन का प्रदर्शन भर नहीं है, बल्कि यह एक सतत संघर्ष की शुरुआत है, जो तब तक जारी रहेगा जब तक प्रशासन भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाता। करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने साफ किया है कि वह जनता के हितों की रक्षा और भ्रष्टाचारियों को बेनकाब करने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा और जनता के साथ मिलकर एक भ्रष्टाचार-मुक्त गौतमबुद्धनगर बनाने का संकल्प लेगा।


