Posted By Vicky Bhati
Gbu News : गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया अध्ययन विभाग के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को ग्रेटर नोएडा स्थित निम्बस सोसाइटी के निकट सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाया। सामाजिक विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता एवं जनसंचार विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर बंदना पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस रोड सेफ़्टी अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक एवं रैली के माध्यम से लोगों को सड़क पर सुरक्षित चलने के नियमों के प्रति जागरूक किया।
इस अभियान में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और मोबाइल फोन का वाहन चलाते समय उपयोग न करने जैसे जरूरी संदेशों को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
नुक्कड़ नाटक का निर्देशन बीए जनसंचार द्वितीय वर्ष की छात्रा वंशिका मिश्र ने किया और उनका साथ खुशी, माधुरी, माही, स्वाती, रिया, विशाल, निशांत, हर्ष, यशनन्दन, प्रकृति, हर्षित और आयुषी समेत कई अन्य विद्यार्थियों ने इस अभियान के तहत सोसाइटी के निकट नुक्कड़ नाटक और जन-सुरक्षा रैली निकालकर सड़क पर चल रहे नागरिकों को रोड सेफ़्टी के महत्व के बारे में बताया और उन्हें जिम्मेदार यातायात व्यवहार के लिए प्रेरित किया।
विकास संचार के व्यावहारिक प्रशिक्षण का हिस्सा
इस अभियान के बारे में सामाजिक विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता एवं जनसंचार एवं मीडिया अध्ययन विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर बंदना पांडेय ने बताया कि गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग में विद्यार्थियों को सैद्धांतिक अध्ययन के साथ-साथ मीडिया के व्यावहारिक पक्ष का भी सशक्त प्रशिक्षण दिया जाता है। विकास संचार के इसी प्रशिक्षण शृंखला के दूसरे भाग में रोड सेफ़्टी पर विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सार्थक संदेश दिया । उन्होंने आगे कहा कि सड़क सुरक्षा आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह ट्रैफिक नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान की भी रक्षा करें ।
फैकल्टी का सक्रिय सहयोग
इस अभियान में विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विनीत कुमार, डॉ. कुमार प्रियतम, डॉ. बिमलेश कुमार ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। विभाग के फैकल्टी सदस्यों ने विद्यार्थियों को रैली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और उन्हें जमीनी स्तर पर संवाद कौशल का अभ्यास कराने पर बल दिया और कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इस जन-जागरूकता अभियान में विभाग के सभी शिक्षकों और बीए जनसंचार द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)




