Posted By Vicky Bhati
GBU NEWS : गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया अध्ययन विभाग द्वारा मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता प्रो. वंदना पाण्डेय के नेतृत्व में विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर एक विशेष मीडिया व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ‘ऑर्गेनाइज़र’ पत्रिका के संपादक प्रफुल्ल केतकर ने मुख्य वक्ता के रूप में ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता कर उपस्थित छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ से रूबरू कराया।
प्रतिष्ठित पत्रिका ऑर्गेनाइज़र के संपादक प्रफुल्ल केतकर ने अपने व्याख्यान में कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता तभी सार्थक होती है जब वह अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करें। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी स्वतंत्रता जिसमें उत्तरदायित्व का भाव न हो, उसे स्वतंत्रता नहीं कहा जा सकता। कोई भी स्वतंत्रता निर्बाध नहीं हो सकती। जब प्रेस जिम्मेदारी के साथ कार्य करता है, तभी वह सही मायनों में स्वतंत्र कहा जा सकता है
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रफुल्ल केतकर ने कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में जब सूचनाओं की बाढ़ आ गयी है तब तथ्यपरक और जिम्मेदार रिपोर्टिंग की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय की मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता एवं वरिष्ठ मीडिया विशेषज्ञ प्रो. वंदना पाण्डेय ने विषय प्रवेश करते हुए अपने वक्तव्य में कहा कि प्रेस समाज का दर्पण होता है और इसकी स्वतंत्रता लोकतंत्र की रीढ़ मानी जाती है।
आज के डिजिटल युग में मीडिया की भूमिका अत्यंत संवेदनशील हो गई है। विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस हमें पत्रकारिता के मूल्यों और जिम्मेदारियों की पुनः स्मृति कराता है। उन्होंने मीडिया छात्रों से तथ्यपरक, संतुलित और जिम्मेदार पत्रकारिता करने की अपेक्षा जताई। संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों के साथ वर्तमान मीडिया चुनौतियों, प्रेस की स्वतंत्रता और डिजिटल पत्रकारिता से संबंधित कई प्रश्नों पर गहन चर्चा हुई।
इस अवसर पर विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विमलेश कुमार, डॉ. कुमार प्रियतम, डॉ. आशुतोष कुमार, डॉ. प्रतिमा समेत जनसंचार विभाग के अधिकांश फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे। यह व्याख्यान मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के कॉन्फ़्रेंस हॉल में उपलब्ध अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से हाइब्रिड मोड में आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे और कई छात्र, शोधार्थी और फ़ैकल्टी सदस्य ऑनलाइन माध्यम से इस विचार गोष्ठी के सहभागी बन कर इस व्याख्यान का लाभ उठाया।
प्रोफ़ेसर बंदना पांडेय
अधिष्ठाता, मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय
विभागाध्यक्ष, जनसंचार एवं एवं मीडिया अध्ययन विभाग
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा, गौतम बुद्ध नगर




