POSRED BY- Vanshika Mishra
ग्रेटर नोएडा, 9 सितंबर 2025-जेपी ग्रीन सोसाइटी के सैकड़ों निवासी सोमवार को सड़कों पर उतर आए और बिल्डर की मनमानी व अवैध धन कटौती के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित निवासियों ने बिल्डर कंपनी के मेंटेनेंस दफ़्तर को घेरकर बंद करवा दिया और जमकर नारेबाजी की।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब बिल्डर ने प्राधिकरण के स्टे आदेश के बावजूद निवासियों की सहमति लिए बिना ही प्रीपेड मीटर खातों से मनमाने ढंग से राशि काट ली। इससे निवासियों में भारी नाराज़गी फैल गई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्टार कोर्ट क्लस्टर एओए अध्यक्ष डॉ. रूपेश वर्मा के नेतृत्व में निवासी बिल्डर कार्यालय पहुंचे और अवैध कटौती की गई धनराशि तत्काल वापस करने की मांग की। लेकिन कंपनी के मैनेजर कर्नल शेखर ने कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया। इस पर नाराज़ निवासियों ने कार्यालय को बंद कर दिया।
सूचना मिलने पर परी चौकी इंचार्ज अंकित मौके पर पहुँचे। उन्होंने बिल्डर को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि स्टे आदेश का उल्लंघन गैरकानूनी है और कंपनी को तत्काल कटौती की गई राशि वापस करनी होगी।
लंबे समय तक चले हंगामे के बाद तय हुआ कि बिल्डर कंपनी के सीईओ भुवन मदान और निवासियों के बीच 10 सितंबर शाम 5 बजे बैठक होगी। तब तक बिजली–पानी की सेवाएं बहाल रहेंगी और किसी भी खाते से जबरन कटौती नहीं की जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. रूपेश वर्मा ने कहा,“अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन ही सोसाइटी की कानूनी कस्टोडियन है। बिल्डर केवल सेवा प्रदाता है और उसे बिना एओए की सहमति कोई भी शुल्क बढ़ाने का अधिकार नहीं है। प्राधिकरण के आदेश की अवहेलना कर निवासियों की जेब पर डाका डालना हम किसी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
वहीं, निवासी नेता उमेश भाटी (पूर्व अध्यक्ष, बार एसोसिएशन) ने भी चेतावनी दी कि बिल्डर की मनमानी और शोषण अब और सहन नहीं किया जाएगा।
धरना–प्रदर्शन में सैकड़ों महिला और पुरुष निवासियों ने हिस्सा लिया। प्रमुख रूप से उपस्थित रहे – कौशल श्रीवास्तव, महाराज भट्ट, तरुण खुराना, सुरेंद्र खुल्लर, आलोक सिंह, नरवीर सिरोही, नरेंद्र सिंह, रविंद्र कुमार, मूलचंद शर्मा, प्रवीण भाटी सहित अन्य निवासी।





