POSTED BY-Vanshika Mishra
ग्रेटर नोएडा, 10 सितम्बर 2025-गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के सामाजिक कार्य विभाग एवं मनोविज्ञान और मानसिक स्वास्थ्य विभाग ने प्योर वेदिक साइंस एंड रिसर्च सेंटर के सहयोग से दिल्ली के मयूर विहार स्थित बाढ़ राहत शिविरों में राहत सामग्री वितरण और परामर्श सेवाओं का सफल आयोजन किया।
कार्यक्रम के दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाद्य किट, दवाइयाँ, सेनेटरी नैपकिन और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। साथ ही, मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने प्रभावित लोगों को परामर्श सेवाएँ दीं, ताकि वे आपदा के बाद उत्पन्न तनाव और आघात से उबर सकें।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
यह अभियान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह के नेतृत्व और स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज़ एंड सोशल साइंसेज़ की डीन प्रो. बंदना पांडे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
सामाजिक कार्य विभाग एवं मनोविज्ञान और मानसिक स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख डॉ. आनंद प्रताप सिंह और प्योर वेदिक साइंस एंड रिसर्च सेंटर के निदेशक श्री विकास मेहरा ने राहत टीम का संयुक्त रूप से नेतृत्व किया।
इस सेवा कार्य में संकाय सदस्य डॉ. राहुल कपूर, डॉ. हरीश कुमार, डॉ. शुभम और सुश्री निष्ठा सक्रिय रूप से शामिल रहे। वहीं छात्रों में पलक, प्रज्ञा, तनिश, सिमरन और शाइनी ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा, “गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय सदैव समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। ऐसे अभियानों से न केवल जरूरतमंदों की मदद होती है बल्कि छात्रों में मानवीय मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी मजबूत होती है।”
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विश्वास त्रिपाठी ने विभाग और छात्रों की इस पहल की सराहना की और इसे विश्वविद्यालय की सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
यह अभियान बाढ़ पीड़ित परिवारों की तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ उन्हें मानसिक और भावनात्मक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी एक सार्थक प्रयास साबित हुआ।




