Posted By : Yash Goswami
Kailash Mansarovar Yatra: कैलाश मानसरोवर यात्रा 5 साल के लंबे अंतराल के बाद 2025 में फिर से शुरू हो रही है। जून के अंतिम सप्ताह से इस धार्मिक यात्रा का शुभारंभ होगा। कैलाश पर्वत को भगवान शिव का निवास स्थान माना जाता है। हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भोले शंकर यहां अपने परिवार के साथ रहते हैं, और शिव जी के प्रभाव से ही इस स्थान पर आध्यात्मिक ऊर्जा विद्यमान है। इसलिए हिंदू धर्म में आस्था रखने वाले लोगों के लिए कैलाश मानसरोवर की यात्रा बहुत महत्व रखती है। हालांकि, हिंदू धर्म ही नहीं अन्य धर्मों के लोग भी इस पवित्र स्थान की यात्रा करते हैं। बौद्ध, सिख, जैन धर्म में भी इस स्थान का विशेष महत्व है परंतु मान्यताएं अलग-अलग हैं। सभी धर्म के लोगों में इस बात लेकर समन्वय है कि कैलाश आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है।


