POSTED BY – Vanshika Mishra
दादरी , 30 अगस्त 2025 – पूरे समाज को झकझोर देने वाले निक्की हत्याकांड के संदर्भ में सर्व समाज की “दहेज एक अभिशाप निवारण समिति” के आवाहन पर श्री बालाजी फार्म हाउस में श्रद्धांजलि सभा और विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने दहेज प्रथा को समाज के लिए कलंक बताते हुए इसके विरुद्ध व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति की अध्यक्षा श्रीमती निर्मल डेढ़ा ने की। उन्होंने कहा कि हमें संकीर्णताओं से ऊपर उठकर हर बेटी के सम्मान और सुरक्षा के लिए संगठित होना होगा, क्योंकि जब तक दहेज जैसी कुरीति जिंदा है, तब तक किसी भी “निक्की” को बचा पाना संभव नहीं होगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सभा को संबोधित करते हुए आर्य प्रतिनिधि सभा गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार आर्य ने दहेज हत्या मामलों में एक वर्ष के भीतर न्याय सुनिश्चित करने हेतु कठोर कानूनी व्यवस्था की मांग की। उन्होंने कहा कि संस्कार आधारित शिक्षा ही समाज को इस अभिशाप से मुक्त कर सकती है।
संगठन के संस्थापक सदस्य आर्य सागर खारी ने संचालन करते हुए कहा कि घर की बहू को भी बेटी मानने की सोच समाज में विकसित करनी होगी। राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर चौहान ने दहेज प्रथा को विदेशी समाज की तुलना में भारतीय समाज की सबसे बड़ी कुरीति बताते हुए कहा कि आत्मनिर्भरता ही इसका समाधान है। संस्थापक सदस्य मास्टर मनमिंद्र भाटी ने घोषणा की कि अब किसी और निक्की को दहेज की भेंट न चढ़ना पड़े, इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा जिसमें सभी समाज को शामिल किया जाएगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव महेंद्र सिंह राठी, एडवोकेट सीमा, रेखा गुर्जर, डॉ. रीना वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मावी सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। श्रद्धांजलि सभा में निक्की के पिता भिखारी सिंह ने न्याय की शीघ्र मांग करते हुए कहा कि उनकी बेटी को तो अब वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन जल्द न्याय मिले ताकि अन्य बेटियां इस क्रूरता की शिकार न हों।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए संगठनों के प्रतिनिधियों और समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। श्रद्धांजलि देने वालों में राधाचरण भाटी, मास्टर मनमिंद्र बीडीसी, डॉ. मोहसिन, सुनील भाटी, गजेंद्र बसौया, देवेंद्र खटाना, विजेंद्र सिंह, किशनलाल, सोनल नागर, विमल त्यागी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस सभा में विशेष रूप से युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही।




