POSTED BY- Vanshika Mishra
ग्रेटर नोएडा, 4 सितंबर 2025- ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौतम बुद्ध बालक इंटर कॉलेज में गुरुवार को शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें कविता, नृत्य, गायन और नाटक शामिल रहे। छात्रों की प्रस्तुतियों ने न केवल दर्शकों का मन मोह लिया, बल्कि शिक्षकों के प्रति उनके सम्मान और कृतज्ञता को भी अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद छात्रों ने अपने-अपने शिक्षकों को पुष्पगुच्छ और शुभकामना कार्ड भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय प्रांगण में शिक्षक-छात्र के बीच आत्मीय संबंध की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन में दिशा-निर्देशक और प्रेरणास्रोत होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि भारत के द्वितीय राष्ट्रपति और महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिवस, 5 सितंबर, को पूरे देश में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस शिक्षकों के योगदान और उनके मार्गदर्शन की महत्ता को याद करने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष 5 सितंबर को शुक्रवार को विद्यालय में अवकाश होने के कारण यह कार्यक्रम एक दिन पूर्व यानी गुरुवार को आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)




