POSTED BY- Vanshika Mishra
ग्रेटर नोएडा, 5 सितम्बर- शिक्षक दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के कॉन्फ्रेंस हॉल का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओएसडी गुंजा सिंह ने फीता काटकर हॉल का उद्घाटन किया और सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की दिशा और दशा तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनका कार्य संविधान और समाज दोनों के प्रति जिम्मेदारी से जुड़ा हुआ है।
कार्यक्रम में शिक्षा जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया गया। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह को शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि इसके बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इसी क्रम में बरसात और दादूपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य बलेराम सिंह को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यदि शिक्षक अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएँ, तो विद्यार्थी भविष्य में समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
समारोह में यमुना प्राधिकरण के जीएम राजेंद्र भाटी ने कहा कि शिक्षा किसी भी मंजिल तक पहुँचने की सबसे सशक्त कुंजी है। उन्होंने प्राधिकरणों द्वारा शहर को आधुनिक और बेहतर बनाने के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। इस दौरान ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र भाटी ने कहा कि प्रेस क्लब का यह भवन सिर्फ एक ढांचा नहीं है, बल्कि यह पत्रकारों के संघर्ष, समर्पण और पत्रकारिता के जज़्बे का प्रतीक है। प्रेस क्लब का उद्देश्य समाज की सच्ची आवाज़ बनकर पत्रकारिता के मूल्यों और मानकों को ईमानदारी से निभाना है।
कार्यक्रम में बिलासपुर नगर पंचायत अध्यक्ष संजय भैया, नोएडा प्राधिकरण से वैभव नागर, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से अरविंद सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और प्रेस क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आयोजन ने न केवल शिक्षक दिवस को यादगार बनाया, बल्कि शिक्षा और पत्रकारिता—दोनों की प्रासंगिकता और महत्व को एक साथ उजागर किया।




